डीटीपीएस में निशुल्क नेत्र मोतियाबिंद शिविर 60 मरीजों के लिए निशुल्क ऑपरेशन

अंडाल : दामोदर घाटी निगम के दुर्गापुर ताप विद्युत केंद्र के तत्वावधान में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत आज दिनांक 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को डीटीपीएस अस्पताल परिसर में निःशुल्क नेत्र जाँच-सह-मोतियाबिंद स्क्रीनिंग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन डीटीपीएस अस्पताल तथा लायंस आई केयर सेंटर के संयुक्त सहयोग से किया गया।

शिविर में डीटीपीएस के आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 175 मरीजों ने भाग लेकर निःशुल्क नेत्र परीक्षण कराया। जाँच के दौरान बड़ी संख्या में मरीजों में मोतियाबिंद से संबंधित दृष्टि-समस्या पाई गई। इनमें से 50 मरीजों को तत्काल मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया, जबकि लगभग 10 मरीजों को शुगर एवं रक्तचाप नियंत्रण की चिकित्सकीय सलाह के साथ निगरानी में रखा गया। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 60 लाभार्थियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाना प्रस्तावित है।

चयनित मरीजों के शल्य-चिकित्सा ऑपरेशन 16, 17 एवं 18 फरवरी 2026 को लायंस आई केयर सेंटर, दुर्गापुर में डीवीसी के सहयोग से पूर्णतः निःशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। ऑपरेशन उपरांत आवश्यक फॉलो-अप चिकित्सा सुविधा के साथ प्रत्येक मरीज को निःशुल्क चश्मा (गॉगल्स) एवं दवाइयाँ भी प्रदान की जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ डॉ. श्रीमती दीपिका राय, डॉ. चिन्मय माजी, श्री कौशल कुमार, श्री मुकेश कुमार तथा लायंस क्लब के श्री इंद्रनील सेनगुप्ता द्वारा, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान (DTPS) श्री सुकुमार साहा के नेतृत्व में किया गया। उपस्थित अतिथियों को पौधा एवं उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में श्री शमीम अहमद, वरीय प्रबंधक (सीएसआर), डीटीपीएस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं समन्वय से संपूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीटीपीएस अस्पताल के चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ तथा सीएसआर विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय रूप से सहभागी बने।
दामोदर घाटी निगम द्वारा इस प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन क्षेत्रीय समुदाय के स्वास्थ्य संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जरूरतमंद ग्रामीणों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?